बलिया। जनपद में प्रस्तावित बाईपास कॉरिडोर निर्माण कार्य को लेकर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को एनएच-31 से एनएच-107 बभनौली तक प्रस्तावित बाईपास कॉरिडोर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वैन के माध्यम से पूरे मार्ग का जायजा लेते हुए निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का बारीकी से आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बलिया- बांसडीह राज्य मार्ग से जुड़े सुरहाताल क्षेत्र के संवेदनशील हिस्से का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस क्षेत्र में निर्माण कार्य अत्यंत सावधानी के साथ किया जाए, ताकि पर्यावरण और स्थानीय परिस्थितियों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। साथ ही परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने और आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बाईपास कॉरिडोर के निर्माण से शहर में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर तिमराज सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई, डीएफओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
