बलिया। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद बलिया जनपद की मतदाता सूची का अंतिम स्वरूप सामने आ गया है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि पारदर्शी प्रक्रिया के तहत दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 21.68 लाख दर्ज की गई है।
कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने विशेष पुनरीक्षण अभियान (ैप्त्) की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचन नामावलियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है।
एक जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए जिले में अब कुल 21,68,819 मतदाता पंजीकृत हैं। इससे पूर्व 28 अक्टूबर 2025 को हुए विशेष गहन पुनरीक्षण में मतदाताओं की संख्या 25,10,596 थी, जो प्रक्रिया के बाद घटकर 20, 54, 620 रह गई थी।
इसके बाद छह जनवरी से छह मार्च 2026 तक दावे-आपत्तियां आमंत्रित की गईं, जिसमें 24,390 नाम हटाए गए, जबकि 1,14,199 नए मतदाताओं को जोड़ा गया। जिलाधिकारी ने बताया कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें। इस दौरान एडीएम अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
