पीलीभीत। जनपद में उ0प्र0 होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल एवं निर्विघ्न रूप से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने चयनित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अधिकारियों ने ड्रमण्ड राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज, एस.एन. इंटर कॉलेज, उपाधि महाविद्यालय तथा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज सहित सभी छह परीक्षा केंद्रों के कक्षों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिजली, पेयजल, पंखे, शौचालय, सीसीटीवी कैमरों समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को परखा।यह परीक्षा 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। जनपद के 06 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि जहां भी कोई कमी हो, उसे समय रहते दुरुस्त कर लिया जाए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और बेहतर तरीके से सम्पन्न हो सके।इस मौके पर क्षेत्राधिकारी (सीओ सिटी), संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
