पीलीभीत। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह एवं विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को प्रोत्साहित करना, उनके योगदान को सम्मानित करना तथा पुलिस परिवार में सामाजिक एवं सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में पुलिस परिवार की महिलाओं, बच्चों तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन (वामा सारथी) की जनपदीय अध्यक्षा किरन जोशी तथा सहायक पुलिस अधीक्षकध्क्षेत्राधिकारी सदर नताशा गोयल द्वारा बच्चों की दौड़ प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया और विजेता बच्चों को मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
महिला दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में कई रचनात्मक और मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिलाओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी कला और रचनात्मकता का सुंदर प्रदर्शन किया। इसके अलावा बच्चों के लिए म्यूजिकल चेयर गेम प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने खूब आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिनमें नृत्य, गीत और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल रहे। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरा परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में अंकित कुमारी पत्नी आरक्षी देवेन्द्र, राशि चन्द्रा पुत्री उपनिरीक्षक मनोज कुमार, तनिष्का राणा पुत्री मुख्य आरक्षी आकाश राणा, कुमुद राजपूत पुत्री महिला आरक्षी विरेन्द्र कुमार, मीना चैहान पत्नी आरक्षी धीरज कुमार, चारू मेहर पत्नी महिला आरक्षी मनोज महर, नव्या यादव पुत्री आरक्षी नीशु यादव तथा प्राजंल गंगवार पुत्री आरक्षी भानु प्रताप शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाली विनीता सक्सेना और रंजना श्रीवास्तव को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार की महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा अपने उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए। इन स्टॉलों पर हस्तनिर्मित वस्तुएं, घरेलू उत्पाद तथा अन्य सामग्री प्रदर्शित की गई, जिन्हें उपस्थित लोगों ने काफी सराहा। स्टॉल लगाने वालों में सरला चैधरी, प्रतीक्षा, मंत्री देवी, आयुष्मान पटेल, रानी कश्यप, सुनीता देवी, बिंदु, इंदु, मोनी चैधरी, सुनीता, नीलम, आरती, रूपाली, सरिता, पिंकी, चारू और रोशनी प्रमुख रूप से शामिल रहीं। इन महिलाओं ने अपने उत्पादों के माध्यम से आत्मनिर्भरता और उद्यमिता का संदेश दिया।महिला दिवस के इस विशेष अवसर पर पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों के साथ होली मिलन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार भी प्रदान किए गए।पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साह, सम्मान और आनंद से भरा रहा। महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके योगदान को सम्मानित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
