अमेठीः प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण! जनप्रतिनिधियों ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
March 18, 2026
अमेठी। प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद अमेठी में विकास भवन सभागार में बुधवार को एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने देखा और सुना। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया गया, जिसमें प्रदेश के समग्र विकास, सुशासन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद में सभी योजनाओं को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से गांवों में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है और उनकी आय में वृद्धि हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न हो। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार के 9 वर्ष ‘विकास, विश्वास और सुरक्षा’ के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना भेदभाव के समाज के हर वर्ग के लिए कार्य किया है। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए सख्त कानून व्यवस्था लागू की गई है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं और कौशल विकास को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और उद्यमियों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार किया गया है, जिससे आर्थिक गतिविधियों को गति मिली है और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद अमेठी में 19 से 26 मार्च तक जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज में विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इस प्रदर्शनी में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित भी किया जाएगा। आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे।
