गौरीगंज: जनसमस्याओ से रूबरू हुए सांसद के0एल0 शर्मा
March 29, 2026
गौरीगंज/अमेठी। सांसद किशोरी लाल शर्मा के दो दिवसीय क्षेत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत कल दूसरे दिन गौरीगंज स्थित केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय में प्रातः 10 बजे पहुंचकर उन्होंने जनसुनवाई की तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया।सर्वप्रथम सांसद जी ने सोशल मीडिया पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की विचारधारा को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया एक सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए जनता की आवाज और सरकार की जनविरोधी नीतियों को व्यापक स्तर से सार्वजनिक पटल पर रखा जा सकता है। सांसद ने पदाधिकारियों को प्रशिक्षित करने हेतु शीघ्र ही एक विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित कराने की घोषणा भी की। इसके उपरांत अमेठी संसदीय क्षेत्र के 131 न्याय पंचायत अध्यक्षों, 17 ब्लॉक अध्यक्षों एवं 7 नगर अध्यक्षों की बैठक आयोजित हुई। इस दौरान सांसद ने कार्यकर्ताओं के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही विकास की आधारशिला है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी विकास कार्य कार्यकर्ताओं की सहमति और सुझावों के आधार पर ही आगे बढ़ाए जा रहे हैं। आगामी पंचायत चुनाव एवं 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।सांसद ने कहा कि पंचायत चुनाव में कार्यकर्ताओं को बढ़-चढ़कर भागीदारी दिलाई जाएगी तथा संगठन,पदाधिकारियों जनप्रतिनिधि के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए प्रत्येक द्विमासिक स्तर पर विधानसभा वार बैठकों की रूपरेखा तैयार की जाए।
