अमेठीः यकीन नही होता! यात्रियों से लगवाया गया बस में धक्का, वीडियो वायरल
February 03, 2026
अमेठी। बस स्टॉप पर परिवहन विभाग की एक रोडवेज बस यात्रियों को बैठाने के बाद स्टार्ट ही नहीं हो सकी। बस के अचानक खराब हो जाने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान रुक रुक कर बारिश भी हो रही थी। मिली जानकारी के अनुसार बस खराब होने के बाद परिवहन विभाग के कर्मचारियों ने तकनीकी सहायता बुलाने के बजाय बस में बैठे यात्रियों से ही बस को धक्का लगवाया। यात्रियों ने मजबूरी में बस को धक्का दिया, जिसके बाद किसी तरह बस स्टार्ट की गई और उसे आगे रवाना किया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अमेठी बस स्टॉप से अक्सर खराब बसों का संचालन किया जाता है, जिससे यात्रियों को बार-बार असुविधा झेलनी पड़ती है। बावजूद इसके परिवहन विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। वायरल वीडियो के संबंध में अमेठी एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि जिस बस में धक्का लगवाया गया है, वह आलमबाग डिपो की अनुबंधित बस है। उन्होंने कहा कि आज बस के चालक और परिचालक द्वारा यात्रियों से धक्का लगवाया गया है। इस मामले की सूचना संबंधित डिपो के एआरएम को भेजी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि आज मौसम खराब था और संभव है कि तकनीकी खराबी के चलते बस स्टार्ट न हो सकी हो। कई बार नई बसों में भी ऐसी समस्या आ जाती है।
