प्रतापगढः उत्पीड़न को लेकर दूसरे दिन भी लालगंज में गरजे वकील, एसडीएम को दिया ज्ञापन
February 13, 2026
लालगंज/प्रतापगढ़। साथी अधिवक्ता पर फायरिंग के केस में कार्रवाई न होने तथा रानीगंज तहसील में वकीलों के द्वारा एसडीएम के खिलाफ आंदोलन के समर्थन में दूसरे दिन शुक्रवार को भी वकीलों ने यहां विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने संयुक्त अधिवक्ता संघ के उपाध्यक्ष आशीष तिवारी व रूरल बार एसोसिएसन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल की अगुवाई में एसडीएम कोर्ट के सामने प्रदर्शन कर एसडीएम को डीएम के नाम संबोधित ज्ञापन भी सौंपा। वहीं अधिवक्ताओं ने मांगो के समर्थन में शुक्रवार को भी न्यायिक कामकाज से विरत रहने का प्रस्ताव पारित किया। इसके चलते तहसील मे न्यायिक कामकाज में गतिरोध बना दिखा। शुक्रवार की सुबह नाराज अधिवक्ता तहसील के मध्य गेट पर एकत्रित हुए। मांगों को लेकर अधिवक्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। नारेबाजी करते अधिवक्ताओं का जत्था प्रथम तल पर मौजूद निर्वाचन पटल के सामने पहुंच गया। वकीलों का हंगामा सुन एसडीएम शैलेन्द्र वर्मा बाहर आये। अधिवक्ताओं ने एसडीएम को डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तहसील के अधिवक्ता आलोक शुक्ला पर फायरिंग के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियो के खिलाफ कार्रवाई न होने पर नाराजगी जतायी गयी है। वहीं ज्ञापन में डीएम से रानीगंज में एसडीएम को लेकर धरना दे रहे साथियों का समर्थन करते हुए वहां के एसडीएम के तबादले की मांग भी उठाई गयी है। विरोध प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्र, संतोष पाण्डेय, विपिन शुक्ल, प्रवीण यादव, दिनेश सिंह, सिंटू मिश्र, सूर्यकांत निराला, विनोद मिश्र, आलोक शुक्ला, तपन पाण्डेय, शैलेन्द्र शुक्ला, श्याम पुष्पाकर, पारसनाथ सरोज, राजेश कुमार, घनश्याम मिश्र आदि अधिवक्ता रहे।
