लखनऊ। शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने शनिवार को व्यापक और बहुस्तरीय अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। यह अभियान नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर विभिन्न जोनों में एक साथ संचालित किया गया।
नगर निगम जोन-1 क्षेत्र में जोनल अधिकारी जोन-1 ओपी सिंह के नेतृत्व में अमीनाबाद थाना प्रभारी, पुलिस प्रशासन एवं प्रवर्तन विभाग की 296 टीम द्वारा सघन अभियान चलाया गया। नगर निगम मुख्यालय से कैम्प कार्यालय होते हुए अमीनाबाद क्षेत्र के चारों ओर क्रेन के माध्यम से अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाया गया। इस दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित कर रहे वाहनों को केन से उठाया गया तथा एक ट्रक अवैध सामान जब्त किया गया।
इसी क्रम में नगर निगम जोन-3 क्षेत्र में जोनल अधिकारी आकाश कुमार के निर्देश में 296 टीम के साथ जानकीपुरम योजना, सेक्टर-जे में अभियान चलाया गया। भवन संख्या 3ध्220, 3ध्299 एवं 1ध्647 के सामने असामाजिक तत्वों द्वारा प्लॉट की दीवार पर अवैध रूप से निर्मित घर बनाकर किए गए कब्जे को चिन्हित कर उसे हटाया गया।
जोन-6 क्षेत्र में जोनल अधिकारी के नेतृत्व में वार्ड हुसैनाबाद और बालागंज में भी प्रभावी कार्रवाई की गई। कालीचरण डिग्री कॉलेज के सामने क्लार्क होटल के पास प्राप्त शिकायत का निस्तारण किया गया। बालागंज चैराहे से हरिनगर चैराहे तक अवैध रूप से किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने के दौरान 25 ठेले, 5 काउंटर और 40 अस्थायी दुकानों को हटवाया गया। साथ ही 4 टायर, 5 लोहे की बेंच, 2 लोहे के स्टूल, 1 लोहे की मेज और 4 पैलेक्स बोर्ड सहित अन्य सामान जब्त किया गया। अतिक्रमणकर्ताओं से 4,500 रुपये का जुर्माना वसूला है।। इस कार्रवाई में जोनल अधिकारी अमर जीत यादव, कर अधीक्षक विजय शंकर, कर निरीक्षक धर्मदेव एवं 296 टीम उपस्थित रही।
जोन-7 क्षेत्र में भी व्यापक अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में नाली, नालों एवं सड़कों की दोनों पटरियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए। रिंग रोड कल्याणपुर स्थित आर.के. मोटर्स और एचडीएफसी बैंक के पास सड़क मार्ग से 6 काउंटर, 4 ठेले, 5 ठेलिया और 4 गुमटी हटाई गईं। इस कार्रवाई में कर अधीक्षक श्री विनय मौर्य, ईटीएफ टीम एवं 296 टीम की सक्रिय भूमिका रही।
