अमेठीः डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय दिव्यांगता समिति एवं लोकल लेवल कमेटी की बैठक सम्पन्न
February 05, 2026
अमेठी। जिलाधिकारी संजय चैहान की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय दिव्यांगता समिति एवं लोकल लेवल कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिव्यांगजनों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान दिव्यांग भरण-पोषण अनुदान (पेंशन) योजना, दिव्यांगजनों हेतु कृत्रिम अंगध्सहायक उपकरण योजना, शादी-विवाह पुरस्कार अनुदान योजना, दुकान निर्माणध्खोखा-गुमटीध्हाथ ठेला ऋण-अनुदान योजना सहित अन्य संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी स्तर से निर्गत किए जा रहे दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड की स्थिति की समीक्षा की गई तथा शेष लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही दिव्यांगजनों को निःशुल्क बस यात्रा सुविधा, लोकल लेवल कमेटी द्वारा लीगल गार्जियनशिप प्रमाण पत्र निर्गत किए जाने तथा दिव्यांगजनों के लिए बाधारहित (सुगम) वातावरण सृजन के संबंध में भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं का लाभ बिना विलंब उपलब्ध कराया जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीर भानु सिंह, डीसी मनरेगा शेर बहादुर, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विकास मौर्य, बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी सहित समिति के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं एनजीओ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
