अमेठी: खाद्य सुरक्षा पर बड़ा सवाल! मिलावटी समोसा, स्वास्थ्य से खिलवाड़
February 03, 2026
अमेठी। तहसील अमेठी क्षेत्र में लोगों की सेहत से खुलेआम खिलवाड़ का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पोस्ट ऑफिस और रजिस्ट्री ऑफिस के सामने स्थित ‘रसराज’ नामक दुकान से मंगवाया गया समोसा खाने योग्य खाद्य पदार्थ नहीं, बल्कि गंदगी से भरा हुआ निकला। घटना के अनुसार एक पत्रकार ने समोसा मंगवाया। जैसे ही उन्होंने समोसे का एक टुकड़ा खाया, उसमें बालू जैसी गंदगी, खिसकते कण और बाल दिखाई दिए। समोसे का एक टुकड़ा खाते ही पत्रकार की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें लगातार तीन बार उल्टी हुई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। यह घटना केवल लापरवाही नहीं, बल्कि सीधी आपराधिक लापरवाही की ओर इशारा करती है। सबसे चैंकाने वाली बात यह है कि यह दुकान तहसील, पोस्ट ऑफिस और रजिस्ट्री ऑफिस जैसे संवेदनशील सरकारी संस्थानों के ठीक सामने संचालित हो रही है। इसके बावजूद न तो खाद्य विभाग की निगरानी दिखी और न ही प्रशासन ने अब तक कोई त्वरित कार्रवाई की है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों और नागरिकों का कहना है कि यदि आज एक ग्राहक की जान बाल-बाल बची है, तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या अमेठी में खाद्य सुरक्षा केवल कागजों तक सीमित है? और क्या बिना जांच और लाइसेंस ऐसे दुकानदारों को जनता की सेहत से खिलवाड़ करने की खुली छूट है?। उक्त मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन न उठने के कारण अभी तक कोई अधिकारिक बयान सामने नहीं आ सका।
