बीसलपुरः मंदबुद्धि चाचा के साथ भटकी मासूम बच्ची को पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया
February 13, 2026
बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने अपनी टीम के साथ छह वर्षीय मासूम बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जानकारी के अनुसार गांव जमुनिया महुआ निवासी रामसिंह, जिन्हें मानसिक रूप से कमजोर बताया गया है, अपनी भतीजी दिव्या (6 वर्ष) को साथ लेकर कहीं चले गए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब दोनों घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। आसपास तलाश करने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला तो मामले की सूचना दियोरिया कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए पुलिस टीम का गठन किया और संभावित स्थानों पर तलाश अभियान शुरू कराया। आसपास के गांवों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर गहन खोजबीन की गई। लगभग छह घंटे की लगातार मेहनत के बाद पुलिस टीम ने बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।बाद में बच्ची को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजन भावुक हो उठे और पुलिस टीम का आभार जताया। क्षेत्र में पुलिस की इस मानवीय पहल की व्यापक सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
