कन्नौज। 13 फरवरी शुक्रवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज कन्नौज मे प्रस्तावित कैंसर संस्थान एवं हृदय रोग संस्थान को शीघ्र प्रारंभ कराने विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियमित भर्ती सुनिश्चित करने तथा कैंसर संस्थान को टाटा मेमोरियल सेंटर (मुंबई) से संबद्ध कर संचालित करने के संबंध में एक महत्वपूर्ण प्रश्न विधान परिषद मे उठाया गया।
यह प्रश्न व्यापार सभा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अंशुल गुप्ता के सतत प्रयासों के फलस्वरूप माननीय विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा द्वारा सदन मे उठाया गया। प्रश्न के उत्तर मे उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने सरकार की ओर से विस्तृत जवाब प्रस्तुत किया और आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने चर्चा के दौरान महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि कैंसर और हृदय रोग जैसे गंभीर एवं विशेषज्ञता आधारित संस्थानों को देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से जोड़कर संचालित किया जाना अत्यंत उत्तम और दूरदर्शी कदम होगा। इससे न केवल उपचार की गुणवत्ता मे वृद्धि होगी बल्कि क्षेत्रीय स्तर पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ भी आमजन को सुलभ हो सकेगा।
ज्ञात हो कि कन्नौज सहित आसपास के जिलों के हजारों मरीजों को कैंसर एवं हृदय रोग के उपचार हेतु लखनऊ, दिल्ली एवं मुंबई जैसे महानगरों की ओर रुख करना पड़ता है जिससे आर्थिक मानसिक एवं सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि राजकीय मेडिकल कॉलेज कन्नौज मे कैंसर एवं हृदय रोग संस्थान पूर्ण रूप से क्रियाशील हो जाते हैं और उन्हें टाटा मेमोरियल सेंटर जैसे राष्ट्रीय स्तर के संस्थान से तकनीकी सहयोग प्राप्त होता है तो यह पूरे क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य क्रांति का कार्य करेगा।
व्यापार सभा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अंशुल गुप्ता ने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति नहीं बल्कि जनस्वास्थ्य की मजबूती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राज्य सरकार शीघ्र ही डॉक्टरों की नियुक्ति उपकरणों की उपलब्धता तथा संस्थानों के संचालन की औपचारिक प्रक्रिया को पूर्ण कर आम जनता को समर्पित करेगी।
