Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः मण्डलायुक्त प्रयागराज ने एसआईआर के सम्बन्ध में राजनैतिक दलों के साथ की बैठक! विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने व्यक्त किए अपने-अपने विचार


प्रतापगढ़। मंडलायुक्त प्रयागराज सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य एसआईआर अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची के अद्यतीकरण कार्यों की समीक्षा करना तथा राजनीतिक दलों से फीडबैक प्राप्त करना रहा। बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। इस दौरान कुछ प्रतिनिधियों द्वारा यह अवगत कराया गया कि जनपद के कुछ मतदान केंद्रों पर फार्म-6 की उपलब्धता में कमी के कारण नए मतदाताओं के पंजीकरण में कठिनाई आ रही है। इसके अतिरिक्त कुछ क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा कार्यों में अपेक्षित गंभीरता न बरतने की भी शिकायतें सामने आईं। राजनीतिक दलों की बातों को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त प्रयागराज सौम्या अग्रवाल ने मौके पर ही समस्त उपजिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में फार्म-6 की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि राजनीतिक दलों द्वारा उठाई गई सभी शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेते हुए उनका शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण कराया जाए। मंडलायुक्त ने कहा कि एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जनपद में चल रहे एसआईआर कार्यों की प्रशंसा करते हुए प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। 

बैठक के अंत में जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एसआईआर अभियान की सफलता में राजनीतिक दलों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है, उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग से जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का कार्य पारदर्शी, निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा रहा है। बैठक में विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल, मुख्य विकास अधिकारी डा0 दिव्या मिश्रा, ज्वाइन्ट मजिस्ट्रेट अनुष्का शर्मा, अपर आयुक्त प्रयागराज जयजीत कौर, अपर जिलाधिकारी (वि0ध्रा0) आदित्य प्रजापति, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, डीसी मनरेगा सन्तोष कुमार सिंह व उपजिलाधिकारीगण सहित राजनैतिक दलों में भाजपा से राजेश सिंह व पारसनाथ, सांसद प्रतिनिधि बीएल वर्मा, विधायक सदर प्रतिनिधि अरूण मौर्य, कांग्रेस से डा0 नीरज त्रिपाठी व मो0 हुजैफ, बहुजन समाज पार्टी से सादिक अली व अश्विनी कुमार, सपा से गुलफाम खां व अश्वनी सोनी, आम आदमी पार्टी से दिनेश उपाध्याय, अपना दल से ज्ञानेन्द्र वर्मा, परमानन्द मिश्र व निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |