बाराबंकी: आउटसोर्स सुरक्षा कर्मियों ने डीएम से लगाई गुहार
February 04, 2026
बाराबंकी । सरकारी अस्पतालों में वर्षों से सेवाएं दे रहे आउटसोर्स सुरक्षा कर्मियों ने अपने भविष्य को लेकर गहरी चिंता जताते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। सुरक्षा कर्मियों की मांग है कि शासनादेश के अनुरूप उन्हें नई सेवा प्रदाता कंपनी में समायोजित किया जाए, ताकि उनकी आजीविका और परिवारों का सहारा बना रहे।सुरक्षा गार्डों ने बताया कि वे आईटीडी वर्ल्ड सुल्तानपुर के माध्यम से 31 जनवरी 2026 तक कार्यरत थे, लेकिन कंपनी का टेंडर समाप्त होने के बाद अब तक नए सेवा प्रदाता में समायोजन को लेकर कोई स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई है। इससे कर्मचारियों के सामने रोजगार और भविष्य का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने शासनादेश का हवाला देते हुए कहा कि आउटसोर्सिंग व्यवस्था में बदलाव के बावजूद पहले से कार्यरत कर्मचारियों की सेवाएं बाधित नहीं की जानी चाहिए।कर्मचारियों का दर्द तब और गहरा हो गया जब उन्होंने बताया कि पिछले करीब दो माह से उन्हें मानदेय भी नहीं मिला है, जिससे आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव बढ़ गया है। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील की।वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अवधेश कुमार यादव ने आश्वस्त किया कि किसी भी सुरक्षा कर्मी को हटाया नहीं जाएगा और सभी को पुनः कार्य पर रखा जाएगा। इस भरोसे के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली और शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई।
.jpg)