मुसाफिरखाना: विदाई में जा रही स्कॉर्पियो पलटी! चालक की मौत, छह घायल
February 23, 2026
मुसाफिरखाना/अमेठी। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जामों-भादर संपर्क मार्ग पर बगिया बहोरखा पावर हाउस के पास रविवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर स्कॉर्पियो वाहन पलट गई, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान आसिफ (26 वर्ष) पुत्र मोहम्मद यूसुफ निवासी हड़गड़वा, मुसाफिरखाना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि झकरकटा निवासी राम उजागर की पुत्री अर्चना की शादी 20 फरवरी को हुई थी। रविवार को परिजन चैथी की रस्म के तहत विदाई कराने पिंडारा गांव जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। हादसे में घायल लोगों में नीरज पुत्र राम लखन (22 वर्ष) निवासी झकरकटा, धीरज पुत्र राम लखन (11 वर्ष) निवासी झकरकटा, आराध्या पुत्री अरुण यादव (लगभग 13 वर्ष) निवासी पूरे रामदीन दखियारा, काजल पुत्री ओमप्रकाश (लगभग 16 वर्ष) निवासी झकरकटा, वंदना पुत्री राम उजागर (16 वर्ष) निवासी झकरकटा तथा अंजलि पुत्री संजय यादव (15 वर्ष) निवासी जेठवारा गौरीगंज शामिल हैं। सूचना मिलते ही मुसाफिरखाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। खुशी का माहौल पलभर में मातम में बदल गया, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
