पीलीभीत। महामंडलेश्वर एवं बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने बुधवार को जनतादर्शन कार्यक्रम के अंतर्गत श्रीपरमअक्रियधाम, खमरियापुल स्थित कार्यालय पर बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे देवतुल्य क्षेत्रवासियों की शिकायतें और समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
जनतादर्शन के दौरान सड़क, बिजली, पानी, राजस्व व अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए। स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए समयबद्ध कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही आश्रम पर आए क्षेत्रवासियों को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत करने में हर नागरिक की भागीदारी को आवश्यक बताया। जिन नागरिकों के मतदाता पहचान पत्र नहीं बने हैं, उन्हें तत्काल बनवाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के उपरांत प्रतिदिन की भांति बरखेड़ा नगर के विभिन्न बूथों पर मतदाता जागरूकता को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन ग्रामवासियों को विशेष रूप से जागरूक किया गया, जिनका मतदाता पहचान पत्र अब तक नहीं बना है। कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर अधिक से अधिक संख्या में फॉर्म भरकर जमा कराने का आह्वान किया। वहीं, जिन मतदाताओं के पहचान पत्रों में नाम, पता या अन्य किसी प्रकार की त्रुटि थी, उनके सुधार हेतु संबंधित प्रपत्र भरने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। इस अभियान के दौरान कई नए मतदाताओं के फॉर्म-6 भरवाकर एकत्र किए गए, जिससे मतदाता सूची में अधिकतम पात्र नागरिकों का नाम शामिल हो सके। स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने कहा कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की नींव होता है और प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करे।
