Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊ: कोविड - महामारी के बाद पुष्प प्रदर्शनी एवं चित्रकला प्रतियोगिता का नगर निगम करेगा आयोजन, बैठक संपन्न


लखनऊ। नगर निगम द्वारा वर्ष 2026 में प्रस्तावित पुष्प प्रदर्शनी एवं चित्रकला प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय स्थित नवीन समिति कक्ष (राजकुमार श्रीवास्तव हाल) में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक महापौर सुषमा खर्कवाल जी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।

बैठक में नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, उप नगर आयुक्त रश्मि भारती, समाजसेवी जेपी सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय, उद्यान अधीक्षक शशिकांत शशि, गंगाराम गौतम सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। 

आपको बता दें कि नगर निगम, लखनऊ द्वारा पूर्व में महानगर स्थित पद्मश्री डॉ. एस.सी. राय पार्क (ई-पार्क) में प्रतिवर्ष भव्य पुष्प प्रदर्शनी एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता रहा है। यह कार्यक्रम शहरवासियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय रहा है और इसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों एवं दर्शकों की सहभागिता रहती थी। हालांकि कोविड-19 महामारी के कारण यह आयोजन पिछले कुछ वर्षों से स्थगित रहा।

अब परिस्थितियों के सामान्य होने के बाद वर्ष 2026 में पुनः उसी भव्यता के साथ महानगर स्थित पद्मश्री डॉ. एस.सी. राय पार्क (ई-पार्क) में पुष्प प्रदर्शनी तथा चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने सहमति प्रदान की। बैठक में आयोजन की तिथि, प्रतिभागियों के पंजीकरण, विभिन्न श्रेणियों की प्रतियोगिताओं, पुरस्कार व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता, पार्क की साज-सज्जा तथा जनसुविधाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

महापौर ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से शहर की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |