बाराबंकी । निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से की गई सेवा कभी अनदेखी नहीं रहती। इसी भाव को साकार करते हुए पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने थाना जहांगीराबाद में तैनात उपनिरीक्षक राम कृपाल चैहान के निरीक्षक पद पर पदोन्नत होने पर उनके कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस गरिमामय क्षण के साक्षी बने अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चन्द्र त्रिपाठी, जिन्होंने भी नवपदोन्नत निरीक्षक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान माहौल गर्व और उत्साह से भरा रहा, जहां एक पुलिसकर्मी की वर्षों की मेहनत और समर्पण को सम्मान मिला।पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि पदोन्नति केवल पद परिवर्तन नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का विस्तार होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि निरीक्षक राम कृपाल चैहान अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करेंगे तथा आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और मजबूत करेंगे।इस अवसर पर उपस्थित पुलिसकर्मियों ने भी अपने साथी अधिकारी की सफलता पर खुशी जताई। यह क्षण न केवल राम कृपाल चैहान के लिए, बल्कि पूरे पुलिस विभाग के लिए प्रेरणा का प्रतीक बना, जो यह संदेश देता है कि सच्ची लगन और कर्तव्यपरायणता अंततः सम्मान का रूप लेती है।
