पीलीभीत। नगर बरखेड़ा के श्री रामलीला मैदान में आयोजित ‘शंकर हिन्दू सम्मेलन’ में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। सम्मेलन का आयोजन न्याय पंचायत भोपतपुर, न्याय पंचायत खजुरिया पचपेड़ा एवं न्याय पंचायत भैंसहा ग्वालपुर के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में एकता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना रहा।कार्यक्रम में बरखेड़ा विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने उपस्थित होकर माँ भारती को नमन किया और समाज को संगठित एवं जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मेलन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।सम्मेलन की अध्यक्षता स्वामी हनुमाननाथ ने की। मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत बौद्धिक प्रमुख नरेंद्र जी ने समाज में वैचारिक मजबूती, शिक्षा और संगठन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में विभाग सहकार्यवाह भद्रपाल जी का भी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।सम्मेलन के दौरान विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामाजिक संदेशों पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, नशामुक्ति और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया। दर्शकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए तालियों से उनका स्वागत किया।इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख अशोक कुमार गंगवार, संजय गंगवार, मंडल अध्यक्ष प्यारेलाल कश्यप, शेर सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।
सम्मेलन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजकों ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
