पीलीभीत। शहर स्थित अंकुर राइस मिल परिसर में निशक्त जन सेवा संस्थान द्वारा गुरुवार को मासिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। संस्था हर माह की 12 तारीख को यह शिविर आयोजित करती है, जिसमें जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर जांच और उपचार का लाभ उठाया।
संस्था अध्यक्ष अमृतलाल के नेतृत्व में आयोजित इस कैंप में कुल 265 मरीजों की नेत्र जांच की गई। इनमें से 240 लोगों को निःशुल्क चश्मे और दवाएं वितरित की गईं, जबकि 22 मोतियाबिंद मरीजों को ऑपरेशन के लिए रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज, बरेली भेजा गया। इसके अतिरिक्त 40 श्रवण बाधित लोगों को कान की मशीनें प्रदान की गईं। मशीन लगने के बाद कई मरीजों के चेहरे खुशी से खिल उठे।शिविर में 13 हृदय रोगियों की जांच कर आवश्यक दवाएं दी गईं तथा 15 मरीजों को दंत चिकित्सा परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया।
आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए संस्था की ओर से 100 विधवा महिलाओं को नई साड़ियां वितरित की गईं। साड़ियां पाकर महिलाओं ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।संस्था अध्यक्ष अमृतलाल ने बताया कि जिन व्यक्तियों के हाथ कोहनी और पंजे के बीच से कटे हुए हैं, उनके लिए बैटरी चालित विदेशी कृत्रिम हाथ मंगवाए जा रहे हैं। इस संबंध में अब तक 15 मरीजों का पंजीकरण किया गया है। 100 पंजीकरण पूरे होने पर विशेष शिविर लगाकर कृत्रिम हाथ पूर्णतः निःशुल्क लगाए जाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पर्यावरणविद् एवं आयुर्वेदाचार्य आशुतोष पंत ने मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को एक-दूसरे से जुड़ा विषय बताते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क पौधे वितरित करने का संकल्प लिया।शिविर को सफल बनाने में अनिल कमल, राजेंद्र वर्मा, चिरंजीव गौड़, असलम, मोहम्मद कामिल खां, डॉ. प्रेम सागर शर्मा, अनिल गुप्ता, कविता वंशवाल और अभिनय गुप्ता सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।संस्थान द्वारा नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे इन मासिक शिविरों से जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सामाजिक सहयोग भी मिल रहा है।
