लखनऊ। जोन 8 के सेक्टर 8 वृंदावन योजना स्थित सौभाग्यम अपार्टमेंट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल ने ‘स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों, पार्षदों, नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। महापौर ने इसे लखनऊ को स्वच्छता में देश में प्रथम स्थान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। महापौर ने बताया कि स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता 17 से 28 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। इस दौरान शहर के सभी 110 वार्डों को निर्धारित 12 मानकों पर अपनी तैयारी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि वार्ड स्तर पर ठोस बदलाव लाने का प्रयास है। एक सप्ताह की तैयारी के बाद नगर निगम की टीम प्रत्येक वार्ड का फील्ड निरीक्षण कर मूल्यांकन करेगी। प्रतियोगिता के तहत सोर्स सेग्रीगेशन, कम्युनिटी एवं होम कंपोस्टिंग, डोर-टू-डोर कलेक्शन, सिंगल यूज प्लास्टिक निषेध, स्वच्छ शौचालय, नाला-नाली सफाई, जीरो वेस्ट इवेंट्स, आईईसी अभियान, जीवीपीध्ब्लैक स्पॉट ट्रांसपोर्टेशन, स्वच्छ बैक लेन, स्कूल-कॉलेजों में स्वच्छ सारथी क्लब तथा स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति की सहभागिता जैसे 12 बिंदुओं पर अंक दिए जाएंगे। प्रत्येक पैरामीटर के लिए निर्धारित अंक होंगे और सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले वार्ड को पुरस्कृत किया जाएगा। लखनऊ को देश के तीसरे स्थान से प्रथम स्थान प्राप्त कराने को लेकर महापौर ने पार्षदगणों, अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्ड को आदर्श बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व जोन 8 स्थित सेक्टर 8 वृंदावन योजना रोड से सौभाग्यम अपार्टमेंट तक स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार, इब्राहिमपुर द्वितीय वार्ड से पार्षद मुस्कान रावत और खरिका द्वितीय वार्ड से पार्षद प्रतिनिधि संजीव अवस्थी, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविन्द कुमार राव, उप नगर आयुक्त रश्मि भारती सहित लायन एनवायरो एजेंसी के अधिकारी उपस्थित रहे।
