पीलीभीत। जनपद मुख्यालय के व्यस्त गैस चैराहा पर शनिवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब भारतीय जनता युवा मोर्चा, पीलीभीत के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कांग्रेस यूथ के कार्यकर्ताओं द्वारा एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान कथित अभद्र आचरण के विरोध में आयोजित किया गया।
विरोध कार्यक्रम युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष चेतन शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। दोपहर बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गैस चैराहा पर एकत्र हुए और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एआई कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस यूथ के कुछ कार्यकर्ताओं ने अमर्यादित व्यवहार कर देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया।
कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर लेकर कांग्रेस नेतृत्व के विरुद्ध नारे लगाए। कुछ समय के लिए चैराहा पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंग गया और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
जिलाध्यक्ष चेतन शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस यूथ द्वारा किया गया कृत्य भारतीय संस्कृति और सामाजिक मर्यादाओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि धूमिल करने का प्रयास करती रही है और यह घटना उसी मानसिकता का परिणाम है।
उन्होंने कहा, “भारतीय जनता युवा मोर्चा राष्ट्र की गरिमा और सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। यदि कोई भी संगठन या व्यक्ति देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास करेगा, तो उसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।”
चेतन शर्मा ने आगे कहा कि कांग्रेस की नीतियां सदैव भ्रम और विवाद उत्पन्न करने वाली रही हैं और यह विरोध प्रदर्शन जनता के बीच तथ्यों को उजागर करने के उद्देश्य से किया गया है।
नारेबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। मौके पर पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। कुछ देर बाद प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।
प्रदर्शन में नगर अध्यक्ष इंद्रेश सिंह चैहान, जिला मंत्री युवा मोर्चा प्रतीक पांडे व राहुल सक्सेना, नगर महामंत्री उज्ज्वल वर्मा, वराह मंडल अध्यक्ष बाबूराम वर्मा, किसान मोर्चा जिला महामंत्री मुकेश वर्मा, किशन राजपूत, अभिनव राणा, सार्थक मिश्रा, अमन बाबू, नरेंद्र तिवारी, नगर मंत्री अरुण शर्मा, प्रियांशु मिश्रा सहित दर्जनों पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि संगठन राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना से कार्य करता है और देश की प्रतिष्ठा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के बाद जनपद की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच सोशल मीडिया पर बयानबाजी भी तेज होती दिखाई दी। हालांकि प्रशासन की ओर से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।
युवा मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोहराई गईं, तो संगठन व्यापक जनआंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा। गैस चैराहा पर हुआ यह प्रदर्शन पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा और स्थानीय राजनीति में नई बहस को जन्म दे गया।
