बीसलपुर। समाजवादी पार्टी में हाल ही में शामिल हुए पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां उर्फ फूल बाबू के लखनऊ से बीसलपुर आगमन पर सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। स्वागत यात्रा में भारी भीड़ जुटाकर सपाइयों ने शक्ति प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि फूल बाबू ने 15 फरवरी को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी।दोपहर करीब 12 बजे उनका काफिला बीसलपुर-शाहजहांपुर मार्ग स्थित ग्राम खनका पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद शिवपुरी नवदिया, रोहनिया, चीनी मिल मार्ग, ईदगाह चैराहा, पटेल नगर पुलिया और 12 पत्थर चैराहे सहित एक दर्जन स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया।
इस मौके पर फूल बाबू ने कहा कि जनपद में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने के लिए वह पूरी ताकत से कार्य करेंगे। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जिले की सभी सीटों पर सपा प्रत्याशियों को विजय दिलाने के लिए कार्यकर्ता जुटेंगे और पीलीभीत में सपा सबसे मजबूत पार्टी बनकर उभरेगी।
स्वागत कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष शैलेश शर्मा, पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष शकील अहमद खां, राम प्रताप गंगवार, अनीस बेग, गायत्री गंगवार, जितेंद्र गंगवार, रमेश शुक्ला, मोहम्मद सारिक सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।
