सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी। रविवार को शारदा सहायक नहर में अज्ञात युवक का शव उतराता दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोतवाली बदोसराय पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली बदोसराय क्षेत्र के कसरैला डीह नहर की झाल में ग्रामीणों ने एक शव उतराता देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी पहचान नहीं कर सका।
पुलिस के अनुसार शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और शरीर पर कोई कपड़ा भी नहीं था। प्रथम दृष्टया शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।इस संबंध में कोतवाली बदोसराय प्रभारी अजीत विद्यार्थी ने बताया कि नहर में अज्ञात युवक का शव मिला है, जिसे बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)