Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः जिलाधिकारी की संवेदनशील व मानवीय पहल से विधवा को मिली आवश्यक मदद


प्रतापगढ़। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम एक बार फिर जरूरतमंदों के लिए उम्मीद की किरण साबित हुआ। जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने दूर-दराज ग्रामीण अंचलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की। जनसुनवाई के दौरान अदमापुर (सण्डवा चन्द्रिका) निवासी मीरा देवी पत्नी स्वर्गीय पूर्णवासी को राहत प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए जिला राइफल क्लब प्रतापगढ़ के खाते से त्वरित आर्थिक मदद हेतु 20 हजार रुपये का चेक उन्हें सौंपा। इसके साथ ही पूर्ति विभाग की ओर से उन्हें अन्त्योदय राशन कार्ड का लाभ भी उपलब्ध कराया गया, जिससे अब उनके परिवार को नियमित रूप से सस्ता खाद्यान्न मिल सकेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ हेतु कार्यवाही प्रक्रियाधीन है, जल्द ही उसका भी लाभ मीरा देवी को प्राप्त होगा। 

उल्लेखनीय है कि 20 फरवरी 2026 की जनसुनवाई में जिलाधिकारी को मीरा देवी ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया था कि वह भूमिहीन और अत्यंत गरीब विधवा हैं। उनके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं और परिवार के भरण-पोषण का कोई स्थायी साधन नहीं है। पक्का मकान न होने के कारण वह एक जर्जर छप्पर में बच्चों के साथ किसी तरह जीवन यापन कर रही हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास और अन्त्योदय राशन कार्ड उपलब्ध कराने की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी को अन्त्योदय कार्ड बनवाने के निर्देश दिए, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें शीघ्र लाभ मिल सका।

जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने जनसुनवाई के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। मीरा देवी को मिली आर्थिक सहायता और राशन कार्ड से उनके परिवार को राहत मिली है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0ध्रा0) आदित्य प्रजापति भी मौजूद रहे। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |