सोनभद्र जगह पर “आई लव सोनभद्र” ऊँचाई के साथ लगना था लेकिन हाईकोर्ट का बोर्ड लग गया बना चर्चा का विषय।
सोनभद्र। शहर को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा कलेक्ट्रेट गेट के पास स्थित सोनभद्र सेल्फी प्वाइंट के सुंदरीकरण की योजना बनाई गई थी। इसके तहत पुराने सेल्फी प्वाइंट को हटाकर वहां आधुनिक सुविधाओं और नए स्वरूप के साथ विकसित किए जाने की तैयारी चल रही थी। हालांकि अब इसी स्थान पर उच्च न्यायालय से संबंधित एक बोर्ड लगाए जाने के बाद प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, कलेक्ट्रेट गेट के समीप स्थित सेल्फी प्वाइंट के स्थान पर आवेदक जय गोपाल एवं तीन अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व दो अन्य के मामले में न्यायालयीय प्रक्रिया के क्रम में उच्च न्यायालय का बोर्ड स्थापित किया गया है। इसके बाद नगर पालिका की प्रस्तावित योजना पर असमंजस की स्थिति बन गई है।
गौरतलब है कि नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने हाल ही में स्थल का निरीक्षण कर यहां व्यापक सुंदरीकरण की योजना तैयार कराई थी। प्रस्ताव में दोनों ओर चाहरदीवारी निर्माण, बागवानी विकास, चेकर टाइल्स बिछाने, पुराने बोर्ड के स्थान पर ऊंचाई बढ़ाकर नया “आई लव सोनभद्र” बोर्ड लगाने, स्टील रेलिंग और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था विकसित करने की योजना शामिल थी। नगर पालिका द्वारा इस कार्य का प्राक्कलन भी तैयार कराया जा रहा था, लेकिन अब न्यायालयीय बोर्ड लगाए जाने के बाद यह देखना होगा कि प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्य आगे बढ़ पाता है या नहीं। स्थानीय लोगों में भी इसको लेकर चर्चा है कि शहर की पहचान बन चुके सेल्फी प्वाइंट का भविष्य अब न्यायालय के निर्णय और प्रशासनिक कार्रवाई पर निर्भर करेगा।
फिलहाल संबंधित मामले में प्रशासन और नगर पालिका की ओर से कोई आधिकारिक नई घोषणा नहीं की गई है।वही इस सम्बंध में नगर पालिका इवो से जब हमने समय 2:12 मिनट पर फोन करके जानकारी उपलब्ध करना चाहा तो उनका फोन रिसिब नही हुआ।
