आगरा। टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में टीएफआई के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के विभिन्न शिक्षक संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सुलोचना मौर्य, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष दिनेश चंद्र शर्मा तथा जूनियर शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष योगेश त्यागी के आवाहन पर जनपद आगरा के सभी मान्यता प्राप्त संगठन एकजुट होकर आंदोलन की रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
इसी क्रम में टीएफआई के बैनर तले टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में प्राथमिक विद्यालय सुभाष पार्क, आगरा में एक सामूहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गीता सिंह राठौड़ (जिला अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ आगरा), चैधरी सुरजीत सिंह (जिला संयोजक, प्राथमिक शिक्षक संघ आगरा) एवं बलविंदर सिंह गिल (जिला अध्यक्ष, जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ आगरा) ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में टीईटी की अनिवार्यता से शिक्षकों को हो रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों पर अतिरिक्त अनिवार्यता थोपना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की कि शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए टीईटी अनिवार्यता पर पुनर्विचार किया जाए।
बैठक में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए आगे की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
शिक्षक नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन शिक्षकों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए है तथा आगामी दिनों में जिला एवं प्रदेश स्तर पर और भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
