प्रतापगढ़ः जनपद की विकास योजना एवं बेहतर अर्थव्यवस्था हेतु रोजगार बेरोजगार का स्थिति का आकलन एवं अनिगमित क्षेत्र के उद्यम हेतु आकड़ों के एकत्रीकरण में करे सहयोग
February 04, 2026
प्रतापगढ़। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रियंका सोनी ने बुधवार को बताया है कि अर्थ एवं संख्या प्रभाग, नियोजन विभाग उत्तर प्रदेश के निर्देशन में जनपद में रोजगार की स्थिति, महिला सहभागिता एवं अनिगमित क्षेत्र से संबंधित आंकड़ों के संकलन हेतु श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) तथा अनिगमित सेक्टर के उद्यमों (आसुस) का वार्षिक सर्वेक्षण माह जुलाई 2025 से जून 2026 के मध्य डिजिटल माध्यम से (टैबलेट पर) कराया जा रहा है। श्रम बल सर्वेक्षण के अंतर्गत जनपद में कुल 72 चयनित इकाइयाँ निर्धारित की गई हैं, जिनमें 12 नगरीय एवं 60 ग्रामीण इकाइयाँ शामिल हैं। इनमें से अब तक 42 इकाइयों का सर्वेक्षण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। अनिगमित सेक्टर के उद्यमों के सर्वेक्षण के अन्तर्गत वर्तमान छमाही हेतु जनपद में चयनित कुल 36 इकाईयॉ (चयनित क्षेत्र), जिसमें 24 नगरीय एवं 12 ग्रामीण इकाईयॉ हैं। वर्तमान में 06 इकाईयों का सर्वेक्षण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। सर्वेक्षण से प्राप्त आकड़ों का उपयोग जनपद की जिला घरेलू उत्पाद अनुमान तैयार करने में एवं योजना निर्माण आदि कार्यो में किया जायेगा। सर्वेक्षण के महत्व को देखते हुए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की निगरानी समिति का गठन किया गया है। समिति के सदस्य सचिव जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि सर्वेक्षण कर्ताओं द्वारा संपर्क किए जाने पर आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराते हुए पूर्ण सहयोग प्रदान करें, जिससे जनपद की वास्तविक तस्वीर प्राप्त हो सके जो योजना निर्माण में अत्यन्त सहायक होगी।
.jpg)