उन्नाव। जिले के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के रायपुर खैला मऊ गांव में बुधवार को एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान रजनीश 40 वर्ष पुत्र राम चरण निवासी रायपुर खैला मऊ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रजनीश ने अपने घर के कमरे में पंखे के कुंडे से रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं निकले, तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर उन्हें फंदे से लटका पाया गया।
आनन-फानन में परिजन उन्हें नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही सोहरामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है।
परिजनों के अनुसार, रजनीश मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं, जो पढ़ाई कर रही हैं। पिता की असामयिक मौत से दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि रजनीश का कुछ समय से मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और उनका इलाज लखनऊ में चल रहा था।दिमागी बीमारी के चलते वह अक्सर परेशान रहते थे। परिवार वालों का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से अधिक चुप रहने लगे थे और तनाव में दिखते थे। हालांकि, किसी प्रकार के विवाद या झगड़े की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।