बीसलपुरः महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब! सुबह से ही मंदिरों में लगी रही लंबी कतारें, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चैबंद
February 15, 2026
बीसलपुर। महाशिवरात्रि पर्व क्षेत्र में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। नगर एवं ग्रामीण अंचलों के शिवालयों में देवों के देव महादेव के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिरों में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष गूंजते रहे।प्राचीन बाबा गुलेश्वर नाथ मंदिर में सुबह छह बजे से ही श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। भक्तों ने विधि-विधान से जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक कर प्राचीन शिवलिंग के दर्शन किए। मोहल्ला दुबे में आयोजित विशेष रुद्राभिषेक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की। अनुष्ठान के समापन पर आयोजक प्रमोद कुमार गुप्ता और रविता गुप्ता ने प्रसाद वितरित किया।प्रशासनिक स्तर पर भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। एसडीएम नागेंद्र पांडे ने मंदिर परिसर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।मठिया नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिर को गुलाब और गेंदा के फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। मंदिर प्रबंधक केशव किशोर गुप्ता के नेतृत्व में भजन-कीर्तन हुआ। जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक के उपरांत भगवान शिव को महाभोग अर्पित किया गया तथा आरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ।इसके अलावा बड़ा स्थल शिव मंदिर, राम जानकी मंदिर, बेनी राम मंदिर, बंगाली बाबा मंदिर, देवेश्वर नीलकंठ महादेव मंदिर, गौरी शंकर मंदिर, 12 ज्योतिर्लिंग शिव मंदिर सहित एक दर्जन से अधिक शिवालयों में भक्तों ने पूजा-अर्चना की। पूरे नगर में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।
