उन्नाव। जनपद के दही थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में महिला का पति और दो बच्चे घायल हो गए। यह हादसा लखनऊ-कानपुर हाईवे पर लखनऊ बाईपास के पास तब हुआ जब एक मोटरसाइकिल पर सवार चार लोग कानपुर की ओर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, अरविंद बहादुर गौतम अपनी पत्नी अन्नपूर्णा30 वर्ष और दो बच्चों के साथ मोटरसाइकिल पर लखनऊ से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक लखनऊ बाईपास पर पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर गए।
हादसे में ग्राम हड़हा, थाना अचलगंज निवासी अन्नपूर्णा पत्नी अरविंद बहादुर गौतम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना दही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से महिला को जिला अस्पताल भेजा।
जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने फोन के माध्यम से मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया और परिजन जिला अस्पताल पहुंचने लगे। बताया गया है कि मृतका अपने परिवार के साथ किसी काम से लखनऊ गई थी और वापस लौटते समय यह दुर्घटना हुई।
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। थाना दही पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।