Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

उन्नाव: मनरेगा बचाने को कांग्रेस की 15 किमी पदयात्रा निकाली गई


उन्नाव। जिले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में शुक्रवार को मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा निकाली गई। यह यात्रा सिकंदरपुर सरोसी क्षेत्र से शुरू होकर लगभग 15 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए जिला मुख्यालय पहुंची, जहां जनसभा के साथ इसका समापन हुआ। पदयात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, ग्रामीण मजदूर और समर्थक शामिल हुए।  कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने बताया कि यह पदयात्रा प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर प्रत्येक जिले में आयोजित की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा योजना को कमजोर कर रही है और उसकी जगह नई योजना लागू करने की तैयारी में है। कांग्रेस पार्टी इसी के विरोध में मैदान में उतरी है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष  ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसानों, मजदूरों और नौजवानों के अधिकारों का लगातार हनन कर रही है। वक्ताओं ने मनरेगा को ग्रामीण मजदूरों के लिए 100 दिनों के रोजगार की गारंटी देने वाली एक महत्वपूर्ण योजना बताया। उन्होंने कहा कि यह गांवों में जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहारा प्रदान करती है।

यदि इस योजना को समाप्त किया जाता है या इसके स्वरूप में बदलाव होता है, तो ग्रामीण मजदूरों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इसी मुद्दे को लेकर पदयात्रा के माध्यम से जनजागरण किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने घोषणा की कि पार्टी जमीनी स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि मनरेगा और ग्रामीण मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई संसद से लेकर सड़क तक लड़ी जाएगी।

नेताओं ने दावा किया कि जिस तरह केंद्र सरकार को पूर्व में किसान कानून वापस लेने पड़े थे, उसी तरह जनदबाव के माध्यम से मनरेगा को भी मजबूती के साथ लागू कराया जाएगा। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी की। जिला मुख्यालय पर हुई सभा में सरकार से मनरेगा को यथावत रखने और ग्रामीण रोजगार की गारंटी सुनिश्चित करने की मांग की गई। कार्यक्रम के अंत में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और आगामी दिनों में आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |