संग्रामपुर: थाना प्रभारी ने सुनीं जनसमस्याएं! लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण हमारी प्राथमिकता- संजय सिंह
February 14, 2026
संग्रामपुर/अमेठी। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जन-सुनवाई को सुलभ और पारदर्शी बनाने के क्रम में शनिवार को थाना संग्रामपुर परिसर में श्थाना समाधान दिवसश् का आयोजन किया गया। नायब तहसीलदार सुधीर कुमार श्रीवास्तव एवं थाना प्रभारी संजय सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस सत्र में क्षेत्रीय नागरिकों की समस्याओं का विधिक परीक्षण कर उनके निस्तारण की रूपरेखा तैयार की गई। समाधान दिवस के दौरान कुल 04 शिकायती प्रार्थना पत्र पटल पर आए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इनमें से अधिकांश मामले लंबे समय से लंबित पुराने विवादों से संबंधित थे। मुख्य रूप से गूजीपुर, बड़गांव और उत्तर गांव से आए फरियादियों ने अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। प्रशासनिक संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अधिकारियों ने एक शिकायत का निस्तारण उभय पक्षों की उपस्थिति में मौके पर ही सुनिश्चित किया। शेष 03 शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि बिना धरातलीय वास्तविकता जाने इनका समाधान संभव नहीं है। इसके लिए राजस्व और पुलिस की एक संयुक्त टीम गठित की गई है, जो विवादित स्थलों का निरीक्षण कर साक्ष्यों के आधार पर अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। थाना प्रभारी संग्रामपुर, संजय सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि थाना समाधान दिवस का प्राथमिक उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण ही नहीं, बल्कि संवाद के माध्यम से समाज में सौहार्द और कानून व्यवस्था को अक्षुण्ण बनाए रखना है। लंबित मामलों को त्वरित गति से हल करना हमारी प्राथमिकता है।
