प्रतापगढ़। मुख्य विकास अधिकारी डा0 दिव्या मिश्रा की अध्यक्षता में आयुष विभाग द्वारा जनपद में संचालित चिकित्सालयों में व्याप्त समस्याओं के निराकरण एवं व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के संबंध में एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आयुष चिकित्सालयों में आधारभूत सुविधाओं, भवन मरम्मत, संसाधनों की उपलब्धता तथा जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि जो आयुष चिकित्सालय स्वयं के भवन में संचालित हो रहे हैं, उनकी आवश्यक मरम्मत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं हेतु बजट की मांग का प्रस्ताव तैयार कर निदेशक, आयुष को जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया जाए, ताकि शीघ्र धनराशि स्वीकृत हो सके और कार्यवाही प्रारंभ की जा सके। पंचायत भवन में संचालित आयुष चिकित्सालयों की मरम्मत, साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए गए कि वे प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। इसी प्रकार नगर पंचायत की परिधि में संचालित चिकित्सालयों की मरम्मत एवं व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु संबंधित अधिशासी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में संचालित आयुष चिकित्सालयों में व्याप्त समस्याओं के निराकरण के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे संबंधित मद से उपलब्ध धनराशि एवं संसाधनों का आकलन कर मरम्मत, उपकरण व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुधारात्मक कार्यों की कार्ययोजना तैयार करें तथा विस्तृत आख्या मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आयुष चिकित्सालय ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आमजन को सुलभ, किफायती एवं प्रभावी चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। अतः इन चिकित्सालयों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या आधारभूत सुविधाओं की कमी को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में यह आश्वासन दिया गया कि जनपद के सभी आयुष चिकित्सालयों को व्यवस्थित एवं सुसज्जित बनाकर जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बैठक में जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी सुमन कुशवाहा, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. ममता सचान, अधिशासी अधिकारी पट्टी एवं कुंडा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpg)