पीलीभीतः प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी का आरोप, पात्रों को छोड़ अपात्रों की हुई सर्वे! ग्राम सिरसा सरदाह में पुनः सर्वे की मांग, ग्राम प्रधान व कर्मचारियों पर मनमानी का आरोप
February 03, 2026
पीलीभीत। विकास खण्ड मरौरी अंतर्गत ग्राम पंचायत सिरसा सरदाह में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हुए सर्वे को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना का सर्वे गलत तरीके से कराया गया, जिसमें वास्तविक पात्र लाभार्थियों को छोड़कर अपात्र व्यक्तियों के नाम शामिल कर दिए गए।ग्रामीण राकेश सक्सेना पुत्र टीका राम निवासी ग्राम सिरसा सरदाह ने मुख्य विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की है कि ग्राम प्रधान बेलमती देवी द्वारा अपने पुत्र के माध्यम से आवास सर्वे कराने वाले कर्मचारियों से मिलीभगत कर अधिकतर पात्र ग्रामीणों को सूची से बाहर कर दिया गया। आरोप है कि पूरे गांव में पात्रों की अनदेखी करते हुए अपात्र व्यक्तियों का सर्वे कर दिया गया, जिससे वास्तविक जरूरतमंदों को योजना का लाभ नहीं मिल सका। प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि गलत सर्वे के कारण बड़ी संख्या में अपात्रों के नाम आवास सूची में दर्ज हो गए हैं, जबकि अनेक पात्र परिवार आज भी आवास से वंचित हैं। इस संबंध में शिकायतकर्ता ने ग्राम पंचायत सिरसा सरदाह में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अपात्रों के नाम हटाकर वास्तविक पात्र लाभार्थियों का पुनः निष्पक्ष सर्वे कराने की मांग की है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की भी मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, ग्राम विकास मंत्री, मंडलायुक्त बरेली तथा जिलाधिकारी को भी भेजी गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कदम उठाता है।
.jpg)