बीसलपुर। एक साल पूर्व चोरी-छिपे काटे गए यूकेलिप्टस के 250 पेड़ों के मामले में आखिरकार दियोरिया पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। लंबे समय तक कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार न्याय के लिए भटकता रहा।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव मीरापुर निवासी जमुना देवी पत्नी नन्हे लाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पति नन्हे लाल के नाम ग्राम बढ़ैरा में गाटा संख्या 242 स्थित एक एकड़ कृषि भूमि दर्ज है, जिसमें उन्होंने 250 यूकेलिप्टस के पेड़ लगाए थे। आरोप है कि 31 जनवरी 2025 की रात रमेश पुत्र मैकूलाल, दीपक व धीरज पुत्र रमेश निवासी ग्राम इटौरिया थाना गजरौला तथा लल्लू राम पुत्र गंगाराम निवासी ग्राम गाजीपुर मुगल थाना बरखेड़ा ने अज्ञात ठेकेदार व मजदूरों के माध्यम से पेड़ों को चोरी-छिपे कटवा लिया। जब महिला का पुत्र व पति मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने गाली-गलौज व मारपीट करते हुए पेड़ों को ले जाने की धमकी दी। पीड़िता ने कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः एक साल बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और विवेचना की जा रही है।
.jpg)