पीलीभीत। ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए एक भव्य, गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा 11 के छात्र-छात्राओं ने अपने वरिष्ठ विद्यार्थियों को सम्मान, प्रेम और उत्साह के साथ विदाई दी। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरे वातावरण में उत्सव की छटा दिखाई दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा एवं प्रबंधक देवेंद्र सिंह छाबड़ा द्वारा सरस्वती पूजन के साथ किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजेंद्र सिंह छाबड़ा तथा कैलाश रानी छाबड़ा उपस्थित रहीं। कक्षा 11 के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा 12 के लिए सुंदर टाइटल कार्ड्स तैयार किए गए, जिन्हें देखकर सभी भावविभोर हो उठे। इसके पश्चात् विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा 12 के विद्यार्थियों द्वारा किया गया रैम्प वॉक रहा, जिसने पूरे समारोह में विशेष आकर्षण पैदा किया।इस अवसर पर प्रबंधकीय निदेशक देवेंद्र सिंह छाबड़ा, प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा एवं संस्थापिका कैलाश रानी छाबड़ा द्वारा विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए। विदाई समारोह कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए उनके विद्यालय जीवन की स्वर्णिम यादों का प्रतीक बन गया। अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन, मित्रों के साथ बिताए पलों और विद्यालय के अनुशासित वातावरण को याद करते हुए कई विद्यार्थी भावुक नजर आए। विद्यार्थियों ने कहा कि ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल ने उन्हें केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवन मूल्य, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी प्रदान की है। उन्होंने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने और भविष्य में विद्यालय का नाम रोशन करने का संकल्प भी लिया।
समारोह में विभिन्न उपाधियाँ भी प्रदान की गईं। मिस फेयरवेल का खिताब शुभकर्मन कौर एवं मिस्टर फेयरवेल का खिताब प्रियांशु वर्मा को दिया गया। मिस ब्यूटीफुल का खिताब गुरमनत कौर और मिस्टर हैंडसम का खिताब पार्थ त्रिपाठी को मिला। वहीं मिस डायनामिक का खिताब मेहकप्रीत कौर तथा मिस्टर डायनामिक का खिताब रॉबिन सिंह को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंधक देवेंद्र सिंह छाबड़ा ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें एक जिम्मेदार और सफल नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा ने बोर्ड परीक्षाओं में सफलता हेतु विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।हर्षोल्लास और भावुक वातावरण के बीच समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में कक्षा 11 के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का योगदान सराहनीय रहा।
