अमेठीः अंडरपास की मांग को लेकर प्रदर्शन, कांग्रेस नेता ने सौंपा ज्ञापन
February 23, 2026
अमेठी। अमेठी बाईपास फेज-2 पर अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेस नेता नरेंद्र मिश्र के नेतृत्व में क्षेत्र के ग्रामीणों ने तहसील परिसर पहुंचकर प्रदर्शन किया। बाद में उपजिलाधिकारी आशीष सिंह को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की गई। ग्राम रेमा, ज्ञानचन्दपुर और महसों के बड़ी संख्या में ग्रामीण तहसील पहुंचे और बाईपास निर्माण से उत्पन्न हो रही समस्या को लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि बाईपास निर्माण के दौरान रेमा संपर्क मार्ग को बंद किया जा रहा है, जिससे करीब दस हजार से अधिक आबादी के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि अमेठी-प्रतापगढ़ मार्ग से गांवों को जोड़ने के लिए जिला पंचायत द्वारा पूर्व में पक्की सड़क का निर्माण कराया गया था। इसी मार्ग से लोग बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए अमेठी कस्बे आते-जाते हैं। बाईपास की ऊंचाई अधिक होने के कारण उस पर सीधे चढ़ना संभव नहीं है और अंडरपास का निर्माण भी नहीं किया जा रहा है। कांग्रेस नेता नरेंद्र मिश्र ने कहा कि यह जनसुविधा से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। यदि जल्द अंडरपास का निर्माण नहीं कराया गया तो ग्रामीणों को लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र अंडरपास निर्माण कराने की मांग की। उपजिलाधिकारी आशीष सिंह ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले को संबंधित विभाग को भेजकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
