Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

सुलतानपुर: राघवपुर शुक्ल सरकारी राशन की दुकान से 7 कुंतल चावल चोरी, जांच में जुटी पुलिस


जयसिंहपुर। क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने सरकारी राशन की दुकान की पीछे की खिड़की की ग्रिल उखाड़कर लगभग 14 बोरी, करीब 7 कुंतल चावल चोरी कर लिया। इस संबंध में कोटेदार राम गोपाल सिंह ने थाना जयसिंहपुर में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार राशन की दुकान लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर राघवपुर शुक्ल स्थित बहुत बाबा पेट्रोल पंप के सामने संचालित है। दुकान के कोटेदार राम गोपाल सिंह मेरी रंजीत गांव के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात चोर दुकान के पीछे पहुंचे और लोहे की ग्रिल उखाड़कर अंदर प्रवेश कर गए तथा दुकान में रखा सरकारी चावल की 14 बोरियां उठा ले गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस जांच के दौरान कोटेदार राम गोपाल सिंह से स्टॉक रजिस्टर और उपलब्ध खाद्यान्न की जानकारी मांगी गई, लेकिन वह मौके पर स्टॉक की सटीक मात्रा नहीं बता सके।

वहीं, पूर्ति निरीक्षक जयसिंहपुर अभिषेक सिंह ने बताया कि विभागीय जांच में उपलब्ध स्टॉक रजिस्टर एवं अभिलेखों के आधार पर चोरी की घटना प्रथम दृष्टया सही पाई गई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में समुचित तहरीर पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य राजमार्ग पर स्थित दुकान में इस प्रकार की चोरी होना पुलिस गश्त व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। क्षेत्रवासियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और शीघ्र खुलासे की मांग की है।

थाना जयसिंहपुर पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच के बाद आगे की कारवाही की जाएगी तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रहा है तथा संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही घटना के खुलासे का आश्वासन दिया है।

इस घटना से न केवल कोटेदार बल्कि राशन उपभोक्ताओं में भी चिंता का माहौल है। प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |