प्रतापगढः जिले में 68 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण तेज, भूमि विवाद दो दिन में निपटाने के निर्देश
February 26, 2026
प्रतापगढ़। जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विभागीय बजट से प्रस्तावित अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है। चयनित ग्राम पंचायतों में 68 अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण हेतु विकासखंडवार कार्यदायी संस्थाओं का चयन किया जा चुका है और अधिकांश स्थलों पर निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। अन्नपूर्णा भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता उपस्थित रहे। अधिशासी अभियंताओं ने अवगत कराया कि आवंटित 68 भवनों में से अधिकांश पर कार्य शुरू हो चुका है, किंतु कुछ चिन्हित स्थलों पर भूमि विवाद के कारण निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित तहसीलों के उपजिलाधिकारियों से वार्ता कर निर्देशित किया कि दो दिवस के भीतर भूमि विवादों का निस्तारण सुनिश्चित करते हुए निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के भीतर सभी अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण हर हाल में पूर्ण किया जाए। यदि आगामी सप्ताह तक अपेक्षित प्रगति नहीं दिखाई गई तो संबंधित संस्थाओं के विरुद्ध प्रतिकूल कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपायुक्त मनरेगा को निर्देशित किया गया कि मनरेगा योजना से निर्मित सभी अन्नपूर्णा भवनों का कार्य 31 मार्च 2026 तक पूर्ण कराया जाए। साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी को प्रतिदिन निर्माण कार्यों की समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, डीसी मनरेगा सन्तोष कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी अनुभव त्रिवेदी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
