मिलक। भीषण गर्मी से पहले मिलक नगरवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मिलक टाउन विद्युत उपकेंद्र की क्षमता 5 एमवीए से बढ़ाकर 10 एमवीए किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे आने वाले गर्मी के मौसम में ओवरलोड की समस्या कम होगी और अघोषित बिजली कटौती से जनता को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 जुलाई 2024 को दीक्षा गंगवार द्वारा ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा को एक पत्र देकर मिलक टाउन उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि की मांग की गई थी। इस पर मंत्री ने पत्रांक संख्या 14924ध्ऊर्जाध्2024 दिनांक 28 अगस्त 2024 के माध्यम से प्रबंध निदेशक, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए थे।
इसी आदेश के क्रम में 22 फरवरी को मिलक के अवर अभियंता मोहम्मद हसनैन अंसारी ने दीक्षा गंगवार के आवास पर पहुंचकर जानकारी दी कि मिलक टाउन उपकेंद्र पर 5 एमवीए से 10 एमवीए क्षमता वृद्धि का कार्य शुरू कर दिया गया है। उपकेंद्र की क्षमता दोगुनी होने से क्षेत्र में बढ़ते विद्युत भार को संतुलित करने में मदद मिलेगी और ट्रिपिंग व लो-वोल्टेज की समस्या में भी सुधार होगा।
दीक्षा गंगवार ने बताया कि मिलक की बढ़ती आबादी और व्यापारिक गतिविधियों के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही थी। ऐसे में उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि अत्यंत आवश्यक थी। उन्होंने कहा कि यह कार्य पूर्ण होने के बाद मिलक की जनता को गर्मियों में भारी बिजली कटौती से काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि मिलक टाउन उपकेंद्र पर एक अन्य ट्रांसफार्मर की क्षमता 5 एमवीए से बढ़ाकर 10 एमवीए कराने के लिए भी वह ऊर्जा मंत्री से शीघ्र मुलाकात कर प्रयास करेंगी।
दीक्षा गंगवार ने कहा, “मिलक की जनता की सुविधा और क्षेत्र के विकास के लिए मैं निरंतर प्रयासरत हूं। जनता को बिजली संकट से मुक्ति दिलाना मेरी प्राथमिकता है।”
क्षेत्रीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि क्षमता वृद्धि का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा होगा और इस बार गर्मी में मिलक को बिजली संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।
