पीलीभीत। भारत सरकार द्वारा संचालित नेशनल एक्शन फॉर मेकेनाइज्ड सैनिटेशन इकोसिस्टम (नमस्ते) योजना के अंतर्गत गांधी प्रेक्षागृह में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मा० केंद्रीय राज्यमंत्री, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय बी.एल. वर्मा की अध्यक्षता में मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री जी ने कहा कि नमस्ते योजना का उद्देश्य सीवर और सेप्टिक टैंक में कार्य करने वाले सफाई कर्मियों को सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि देशभर में अब तक 89,248 सीवरध्सेप्टिक टैंक वर्कर्स का सत्यापन किया जा चुका है, जिनमें से 87,037 कर्मियों को पीपीई किट उपलब्ध कराई गई हैं तथा 74,647 कर्मियों को आयुष्मान कार्ड के तहत स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिया गया है। इसके अतिरिक्त 1,87,120 वेस्ट पिकर्स की प्रोफाइलिंग की जा चुकी है।जनपद पीलीभीत के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यहां कुल 92 सीवर एवं सेप्टिक टैंक कर्मी तथा 452 वेस्ट पिकर्स प्रोफाइलिंग में मान्य हो चुके हैं। उन्होंने नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष को आधुनिक सफाई मशीनें क्रय करने हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए, जिससे मैकेनाइज्ड सफाई व्यवस्था को बढ़ावा मिल सके।कार्यक्रम के दौरान मंत्री जी ने 452 लाभार्थियों को पीपीई किट, 30 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड तथा कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त 20 लाभार्थियों को सिलाई मशीन वितरित की।
मंत्री जी ने कहा कि यह कार्यक्रम ‘वंचितों को वरीयता’ की नीति के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ऐतिहासिक रूप से वंचित एवं उपेक्षित वर्गों को उनकी पात्रता के अनुसार सहायता प्रदान कर सरकार “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य की ओर अग्रसर है, जिसमें प्रत्येक नागरिक को विकास यात्रा में सहभागी बनने का अवसर मिलेगा।जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी का कथन था कि स्वतंत्रता से भी अधिक महत्वपूर्ण स्वच्छता है। हमारे सफाई मित्र नगर को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और बीमा सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें दक्ष बनाकर सुरक्षित कार्य परिवेश उपलब्ध कराया जा रहा है।कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप, विधायक बरखेड़ा स्वामी प्रवक्तानंद, पूर्व विधायक रामसरन वर्मा, पूर्व विधायक किशनलाल राजपूत, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डाॅ. आस्था अग्रवाल, वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार योगिता स्वरूप, प्रबंध निदेशक नेशनल सफाई कर्मचारी फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।इसके अतिरिक्त अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम, अपर जिलाधिकारी (वि.ध्रा.) प्रसून द्विवेदी, नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।कार्यक्रम का समापन सफाई कर्मियों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।
