पीलीभीतः प्राथमिक कक्षाओं की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य समापन! विजेताओं को प्रमाण-पत्र व स्मृति-चिह्न देकर किया गया सम्मानित
February 21, 2026
पीलीभीत। शनिवार को ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल में प्राथमिक वर्गों की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 का समापन अत्यंत भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। सप्ताह भर चले इस खेल महोत्सव के अंतिम दिन विद्यालय परिसर विद्यार्थियों, अभिभावकों और अतिथियों की उपस्थिति से उत्सव स्थल में परिवर्तित हो गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनिल महेन्द्रू (चेयरमैन, ओलंपिक एसोसिएशन) रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राजेंद्र सिंह छाबड़ा एवं कैलाश रानी छाबड़ा उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना से हुआ, जिससे वातावरण भक्तिमय और प्रेरणादायी बन गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने खेल-थीम पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और खेलों के महत्व का संदेश दिया। अंतिम दिवस पर बैलेंसिंग रेस और सैक रेस जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। नन्हे प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, अनुशासन और उत्साह के साथ भाग लेकर संतुलन, फुर्ती और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सभी प्रतिभागियों ने जीत-हार से ऊपर उठकर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की मिसाल पेश की।समारोह के अंत में टनकपुर एवं सुरभि कॉलोनी शाखा के विजेताओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। विजेताओं के चेहरे गर्व और प्रसन्नता से दमक उठे। विद्यालय की प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा तथा प्रबंधक देवेन्द्र सिंह छाबड़ा ने मुख्य अतिथि को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता केवल पुरस्कारों से नहीं, बल्कि ईमानदार प्रयास और आत्मविश्वास से मापी जाती हैय बड़े सपने देखें और निरंतर मेहनत करें। उन्होंने आयोजन समिति और शिक्षकों के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों व विजेताओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि खेल केवल शारीरिक विकास ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत आधारशिला भी हैं।
