आगरा। आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने विशेष छापामार एवं जांच अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
अभियान के तहत 21 फरवरी की सुबह करीब 8 बजे बरौली अहीर, शमशाबाद रोड पर वाहन संख्या यूपी83डीटी1441 बोलेरो पिकअप को रोका गया। जांच के दौरान वाहन में 22 डलियों में रखा कुल 1320 किलोग्राम (प्रति डलिया 60 किलोग्राम) खोया बरामद हुआ। यह खोया आगरा की खोया मंडी में बिक्री के लिए लाया जा रहा था। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 37 हजार 600 रुपये (180 रुपये प्रति किलोग्राम) बताई गई।
मौके पर मौजूद वाहन चालक नारायण सिंह, निवासी गढ़ी जोनावद, राजाखेड़ा, धौलपुर (राजस्थान) ने बताया कि खोया राजन सिंह, निवासी डांडोली, राजाखेड़ा (राजस्थान) का है। एफएसडब्ल्यू मोबाइल लैब द्वारा मौके पर की गई प्राथमिक जांच में खोया मिलावटी पाया गया। टीम ने दो अलग-अलग डलियों से विधिक नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप न पाए जाने और अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित होने के कारण पूरे 13 क्विंटल खोये को व्यापक जनहित में बमरौली कटारा स्थित डंपिंग जोन में जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नियमानुसार नष्ट कर दिया गया।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
