आगरा।आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के शहरी इलाकों में विकास की अनवरत यात्रा को आगे बढ़ाते हुए सिकंदरा क्षेत्र स्थित विनायक नगर में मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित मलिन बस्ती विकास योजना के अंतर्गत नाली एवं सीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस परियोजना पर कुल 117.07 लाख की लागत आएगी।
स्थानीय नागरिकों को लंबे समय से जर्जर सड़क मार्ग एवं जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाते थे, जिससे आवागमन बाधित होने के साथ-साथ जनस्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। अब नाली एवं सीसी सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को इन समस्याओं से शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्यों के लिए शासन का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार की योजनाएं शहरी मलिन बस्तियों के जीवन स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार हेतु निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे आम जनमानस को बेहतर सड़क, जलनिकासी और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके।
