- विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ का किया निरीक्षण
- प्रस्तावित अमृत सरोवर स्थल का भी लिया जायजा
अमेठी। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान एवं शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना अभिनव कनौजिया द्वारा आज विकासखंड शुकुलबाजार की ग्राम पंचायत दारानगर में ग्राम चैपाल का आयोजन किया गया। चैपाल में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा उनके निस्तारण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ग्राम चैपाल के दौरान कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित कराया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व, पेंशन, आवास, पेयजल एवं अन्य स्थानीय समस्याएं शामिल रहीं। उपजिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष प्रकरणों का भी समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी द्वारा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत संबंधित बूथ का निरीक्षण भी किया गया। उन्होंने मतदाता सूची के अद्यतन कार्य, अभिलेखों के रख-रखाव तथा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शत-प्रतिशत रूप से शामिल किया जाना सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त ग्राम में प्रस्तावित अमृत सरोवर स्थल का भी निरीक्षण किया गया। उपजिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि अमृत सरोवर योजना के माध्यम से जल संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ ही ग्रामीणों को दीर्घकालिक लाभ मिलना चाहिए। ग्राम चैपाल में संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
