पीलीभीत। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को डिग्री कॉलेज चैराहे पर विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) वीरेंद्र सिंह ने किया। उनके साथ यात्री करध्मालकर अधिकारी बर्डिस चतुर्वेदी एवं यातायात पुलिस निरीक्षक राघवेंद्र सिंह चैहान भी मौजूद रहे।अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे चालकों को रोककर उन्हें हेलमेट पहनने की अनिवार्यता और इसके जीवनरक्षक महत्व के बारे में विस्तार से समझाया गया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक जानलेवा चोट सिर पर लगती है, क्योंकि मानव शरीर का सिर सबसे नाजुक अंग होता है। ऐसे में दुर्घटना की स्थिति में हेलमेट ही एकमात्र ऐसा सुरक्षा कवच है, जो गंभीर चोटों से बचाकर जीवन की रक्षा कर सकता है।
अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय स्वयं के साथ-साथ पीछे बैठी सवारी को भी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनाएं। उन्होंने कहा कि हेलमेट को बाइक पर टांगने की वस्तु न बनाएं, बल्कि इसे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए अवश्य धारण करें। हेलमेट चालान के डर से नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए पहनना चाहिए।
एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क सुरक्षा माह के प्रथम सप्ताह में जागरूकता कार्यक्रमों पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि लोग स्वयं यातायात नियमों का पालन करें। वहीं, दूसरे सप्ताह से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षकध्पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में जनपदीय यातायात पुलिस द्वारा डग्गामार वाहनों के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध रूप से संचालित, नियत क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों के खिलाफ चेकिंग कर विधिक कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस टीम ने जनपद के प्रमुख मार्गों, बस अड्डों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिक्रमण हटवाने के साथ-साथ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न चैराहों पर वाहन चालकों और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया तथा नियमों का पालन करने की अपील की गई। अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 158 वाहन चालकों के चालान किए गए, जिन पर कुल 1,42,000 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। इसके अतिरिक्त 35 डग्गामार वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान चैराहे से गुजरने वाले वाहन चालकों में जागरूकता का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला और कई लोगों ने मौके पर ही हेलमेट पहनने एवं यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
