बीसलपुर। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों द्वारा विवाहिता को दो दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता किसी तरह अपने भाई की मदद से ससुराल से मुक्त होकर मायके पहुंची, जिसके बाद उसने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति सहित ससुराल पक्ष के 11 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला पटेल नगर निवासी स्वर्गीय पूरन लाल की पुत्री मनीषा ने कोतवाली बीसलपुर में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि उसकी शादी 29 अप्रैल 2025 को, लगभग आठ माह पूर्व, थाना बिलसंडा क्षेत्र के ग्राम दियोरिया खुर्द निवासी राम सिंह मौर्य के पुत्र धर्मेंद्र कुमार के साथ हुई थी। विवाह के समय मायके पक्ष ने अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ।आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुरालियों ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी और मांग पूरी न होने पर मनीषा के साथ मारपीट करने लगे। पीड़िता ने बताया कि उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जिससे वह और अधिक असहाय स्थिति में थी। इसी का फायदा उठाते हुए ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके मायके से लाए गए सभी आभूषण सास व ससुर द्वारा छीन लिए और उसे कमरे में बंद कर दिया गया।पीड़िता के अनुसार, दो दिनों तक उसे कमरे में बंधक बनाकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। किसी तरह उसने अपने भाई से संपर्क किया, जिसके बाद भाई की मदद से वह ससुरालियों के चंगुल से छूटकर मायके पहुंच सकी। इसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति धर्मेंद्र कुमार, सास विद्या देवी, ससुर राम सिंह, देवर बब्लू सहित शंकर लाल, राम कुमारी, सतीश, सरोजा देवी, रघुनंदन, सावित्री और गंगा सहाय के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)