बाराबंकी । तहसील रामनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत गणेशपुर कस्बा स्थित शुक्ला मोहल्ला शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और भावनाओं के अद्भुत संगम का साक्षी बना। शुक्ला परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के नवम दिवस पर वेदव्यास आचार्य अश्विनी कुमार त्रिपाठी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यजमान परिवार को आशीर्वाद प्रदान किया। पूरा वातावरण मंत्र, भजन और कीर्तन से भक्तिमय हो उठा।
कथा समापन के उपरांत जब आचार्य बाल गोपाल लड्डू गोपाल को अपने कर-कमलों में लेकर विदा हुए, तो “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष के बीच पुष्पवर्षा होने लगी। भावुक माहौल में अनेक श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।इससे पूर्व विशाल भंडारे और भव्य झांकी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान गणेश, मां दुर्गा और बजरंगबली की मनोहारी झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भजनों की गूंज और झांकियों की भव्यता ने आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया।हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में संपन्न यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था, बल्कि सांस्कृतिक एकता और सामाजिक सौहार्द का सशक्त संदेश दे गया।
